देहरादून: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर त्रिपुरासुर वध की पौराणिक कथा से जुड़े पर्व ‘देव दीपावली’ पर राजपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार शाम दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना अपनी पत्नी डॉ. पिंकी धस्माना के साथ मंदिर पहुंचे और दीपदान किया।
श्री धस्माना ने मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं को देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस दिन दीप दान का बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि कार्तिक अमावस्या से मार्गशीर्ष मास तक उत्तराखंड में दीपावली, इगास बग्वाल, देव दीपावली और मंगसीर बग्वाल जैसे त्योहारों का सिलसिला रहता है, जिससे पूरा प्रदेश राममय हो जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन से मर्यादाओं का पालन और छल-प्रपंच रहित भक्ति की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान राम दरबार और हनुमान की भक्ति पर आधारित एक नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने लोगों को भाव-विभोर कर दिया। श्री धस्माना ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ मिलकर मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किए, जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
इस अवसर पर संत हठ योगी जी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम संयोजक व मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय गोयल ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर पार्षद महिमा पुंडीर, पूर्व पार्षद उर्मिला थापा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments