देहरादून । कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में वांछित 05 हज़ार के इनामी अभियुक्त अमन पुत्र किशन निवासी शिमला बाई पास रोड लक्ष्मणगढी मेहुँवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल .32 mm बरामद किया गया है।
गौरतलब है कि दिनांक 20/05/2025 को वादी अमन गिरी पुत्र राजेश कुमार गिरी निवासी 76/75 गाँधी ग्राम निकट केदारखर पंचायती मन्दिर थाना पटेलनगर देहरादून द्वारा थाना पटेल नगर पर आकर तहरीर दी थी कि उनके भाई सागर की अमन द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर देहरादून पर मु0अ0सं0- 233/2025 धारा 103(1) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया था।
अभियोग की विवेचना के दौरान घटना के समय मौके पर मौजूद मृतक के अन्य दोस्तों से पूछताछ में तथ्य प्रकाश में आये कि घटना के दिन मृतक सागर व उसके अन्य दोस्त पार्टी कर रहे थे, जिसमें अमन भी मौजूद था। इस दौरान अमन द्वारा अपने साथियों पर धौंस जमाने के लिए अपने पास रखी अवैध पिस्टल निकाल कर शो ऑफ करने लगा, इसी बीच पिस्टल से छेड़छाड़ के दौरान अमन से अचानक गोली चल गई जो उसके पास ही खड़े सागर को लग गई, जिससे सागर मौके पर ही गिर गया तथा अमन घबराकर मौके से फरार हो गया।
अभियुक्त अमन की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार सुरागरसी/ पतारसी करते हुए मुखबिर के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा रही थी, पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों से दिनाँक 04-11-2025 को पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अमन को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

Recent Comments