देहरादून, 6 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से न्याय रैली निकाली गई।
इस रैली का उद्देश्य समाज के हर तबके तक निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक योजनाओं और नागरिक अधिकारों की जानकारी पहुंचना था। न्याय रैली की शुरुआत कुलपति डा. अमित आर भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर की।
रैली क्लेमेंट टाउन के विभिन्न क्षेत्रों में निकली जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लोगों को कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंचे और विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। यूनिवर्सिटी में कल से दो दिवसीय विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में लॉ के छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे और उनकी कानूनी जिज्ञासाओं तथा समस्याओं का समाधान करेंगे।

इस रैली का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लॉ ने किया। रैली में डिपार्टमेंट हेड डा. विवेक गोयल, डा. मान्य गुप्ता, स्तुति भंडारी समेत छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Recent Comments