नैनीताल : IG रिद्धिम अग्रवाल की पहल,पर्यटकों के लिए सुगम व सुरक्षित यातायात की तैयारियाँ शुरू

नैनीताल – आगामी क्रिसमस, नववर्ष आगमन तथा शीतकालीन अवकाश के दौरान नैनीताल में बढ़ने वाली पर्यटक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए आज पुलिस महानिरीक्षक, कुमायूँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल (IPS) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण यातायात समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी लालकुआँ दीपशिखा अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी भवाली अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी, निरीक्षक यातायात नैनीताल/रामनगर वेद प्रकाश भट्ट, निरीक्षक यातायात हल्द्वानी महेश चन्द्रा, निरीक्षक यातायात भवाली बी.एस. बिष्ट, थाना प्रभारी मल्लीताल व तल्लीताल सहित नैनीताल टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ आगामी सीजन की यातायात चुनौतियों की समीक्षा करते हुए कहा कि नैनीताल आने वाले हर पर्यटक का अनुभव हमारी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता पर निर्भर करता है। इसलिए हर स्तर पर योजना, समन्वय और क्रियान्वयन में पारदर्शिता व सतर्कता आवश्यक है।

मुख्य निर्देश:

पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना: नैनीताल नगर में पार्किंग की मौजूदा क्षमता का यथार्थ मूल्यांकन कर भीड़ वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की पहचान की जाए।
टैक्सी स्टैण्ड प्रबंधन में सुधार: टैक्सी स्टैण्डों पर अनुशासित संचालन हेतु लाइनिंग सिस्टम, पार्किंग जोन, और प्रतीक्षा व्यवस्था को पुनर्गठित किया जाए।
दोपहिया टैक्सी वाहनों का सत्यापन: दोपहिया टैक्सियों के लिए सत्यापन प्रक्रिया को कठोर बनाया जाए।
संयुक्त सत्यापन अभियान: अगले 15 दिनों के भीतर थाना स्तर पर सिविल पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा टैक्सी, मैक्सी, और अन्य सार्वजनिक वाहनों का संयुक्त सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
स्थानीय निकायों और हितधारकों के साथ समन्वय बैठकें: थाना प्रभारीगण नगर पालिका, घोड़ा स्वामी संघ, स्टैण्ड संचालकों और टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करें।
भौतिक निरीक्षण एवं रिपोर्टिंग प्रणाली: सभी थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक तथा यूनियन पदाधिकारी टैक्सी स्टैण्ड, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख पर्यटक मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
यातायात व्यवस्था हेतु तैयारी: अंतिम योजना तैयार होने के उपरांत, त्योहारों से पूर्व तैयारी की जाये जिसमें वास्तविक परिस्थितियों में यातायात व्यवस्था संचालित की जाएगी।
पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था का युक्तिसंगत निर्धारण: ड्यूटी पर लगाए जाने वाले कर्मियों का चयन अनुभव और क्षेत्रीय जानकारी के आधार पर किया जाए।
एएनपीआर कैमरा प्रणाली की समीक्षा: आईजी ने एएनपीआर कैमरा परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित सॉफ्टवेयर के विकास कार्य की जानकारी ली।
यात्रियों की सुविधा हेतु सूचना एवं मार्गदर्शन व्यवस्था सुदृढ़ की जाए: यात्रियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन को ध्यान में रखते हुए पर्यटन स्थलों पर आकर्षक बैनर, फ्लेक्सी एवं साइन बोर्ड लगाए जाएँ।
यात्रियों के मार्गदर्शन हेतु सूचना प्रसारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए: यात्रियों की सुविधा के लिए थाना स्तर पर पूर्व-रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किए जाएँ।
जाम रहित यातायात व्यवस्था हेतु टैक्सी रूटों का कलर कोडिंग सिस्टम लागू किया जाए: जाम रहित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग रूटों पर संचालित टैक्सियों को भिन्न-भिन्न रंगों द्वारा चिह्नित किया जाए।
पड़ोसी जनपदों के समन्वय से ट्रैफिक प्रबंधन को किया जाएगा सुदृढ़: नैनीताल में पर्यटकों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु शीघ्र ही जनपद ऊधमसिंह नगर एवं अल्मोड़ा के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
सकारात्मक परिणामों के आधार पर कैंची धाम यातायात व्यवस्था में भी किया जाएगा विस्तार: नैनीताल में की गई इन व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का आंकलन कर प्राप्त सकारात्मक परिणामों के दृष्टिगत, इसी मॉडल को कैंची धाम यातायात व्यवस्था में भी लागू किया जाएगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments