देहरादून। देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई कार विस्फोट की घटना के मद्देनजर, उत्तराखण्ड पुलिस ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सुदृढ़ करते हुए आज प्रदेशभर में व्यापक फ्लैग मार्च आयोजित किए। यह कदम राज्य के सभी जनपदों में पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा राज्यभर में कुल 62 प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में ये फ्लैग मार्च निकाले गए।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई। फ्लैग मार्च में शामिल प्रमुख स्थलों में हरिद्वार का हर की पैड़ी, तीर्थनगरी ऋषिकेश, चारधाम में से एक श्री बद्रीनाथ धाम, राजधानी देहरादून, तथा कुमायूँ के प्रमुख शहर रामनगर, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर, अल्मोड़ा और पौड़ी सहित सभी जिला मुख्यालयों के बाजार, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और मॉल शामिल रहे।

इन फ्लैग मार्च में पुलिस, पीएसी (PAC), क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और होमगार्ड के जवानों ने शहरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा निरीक्षण किया। इस व्यापक प्रदर्शन का उद्देश्य जनता में सुरक्षा का विश्वास बहाल करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या असामान्य गतिविधि की सूचना को तत्काल डायल 112 (आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली) या अपने नजदीकी पुलिस थाने में देने का आग्रह किया गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह संपूर्ण कार्रवाई प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखते हुए की गई है।


Recent Comments