देहरादून । उत्तराखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत सभी नए पदाधिकारी शीघ्र ही औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण की तिथि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा वरिष्ठ नेताओं से राय मशविरा के बाद तय की जाएगी।
इस बीच, संगठन में नई ऊर्जा का संचार होता दिखाई दिया। महानगर देहरादून के अध्यक्ष पद पर डॉ. जसविंदर सिंह गोगी को पुनः नियुक्त किए जाने के बाद बुधवार को उन्होंने पदभार ग्रहण किया। धस्माना ने उन्हें फूलमाला पहनाकर व कार्यालय में अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया।
धस्माना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने बहुत सोच-विचार कर प्रदेश को मजबूत लीडरशिप दी है। उन्होंने दावा किया, “पार्टी ने जिस तरह जमीनी कार्यकर्ताओं की राय पर सभी 27 संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की है, उससे मुख्य विपक्षी दल भाजपा भौंचक्की रह गई है।” उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं की टीम आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को मात देने के लिए मैदान में उतरेगी।

महानगर अध्यक्ष पद संभालते ही डॉ. गोगी ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रीय-प्रांतीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के विश्वास को कभी नहीं तोड़ूंगा।” उन्होंने अपना लक्ष्य महानगर के सभी 100 वार्डों में मजबूत टीम बनाना और अगले विधानसभा चुनाव में यहाँ की सभी पाँच सीटों पर जीत सुनिश्चित करना बताया।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल,प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, सरदार अमरजीत सिंह,सुनील जायसवाल, आनंद सिंह पुंडीर, इलियास अंसारी, अनूप कपूर, मुकेश सोनकर, विनीत भट्टसीपी सिंह,ललित भद्री,रॉबिन त्यागी,आदर्श सूद,अल्ताफ अहमद,पुनीत चौधरी,विजेंद्र सिंह,नितेश राजौरिया,संजय गौतम,अशोक कुमार,सलमान अहमद, , मनीष नागपाल,लक्की राणा,रोहित मित्तल आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Recent Comments