चौहान का चुनावी ऐलान: युवा संवाद से बढ़ा सियासी तापमान, यमुनोत्री जिला व रवाल्टा आरक्षण का संकल्प”


युवाओं से रिश्ता मजबूत कर मनवीर सिंह चौहान ने यमुनोत्री में मजबूत की चुनावी जमीन

देहरादून। भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता का एक सशक्त संकेत देते हुए एक विशाल ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम की मेजबानी की। इस कार्यक्रम को यमुनोत्री से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी की एक स्पष्ट घोषणा के रूप में देखा जा रहा है।

देहरादून के नालापानी रोड पर आयोजित इस समागम में यमुनोत्री क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का केंद्र बिंदु युवाओं और स्थानीय निवासियों की जमीनी समस्याओं को सीधे तौर पर सुनना और उनके त्वरित समाधान के लिए ठोस कदम उठाना था।

कार्यक्रम में दूर-दूर से पहुंचे युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को उठाया। चौहान ने कई मामलों में तत्काल निस्तारण का आश्वासन दिया, जबकि कुछ जटिल मुद्दों को शासन स्तर पर उठाने और उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए श्री चौहान ने खुद को क्षेत्र का एक पुराना साथी बताते हुए कहा, “मैं पिछले दो दशक से यमुनोत्री की सेवा में समर्पित हूं और क्षेत्रवासियों के साथ मेरा रिश्ता हमेशा मजबूत रहा है।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यदि युवाओं का भरोसा और समर्थन मिला, तो मैं 2027 के चुनाव में अवश्य मैदान में उतरूंगा।”

चौहान ने अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि क्षेत्र को पर्यटन सर्किट से जोड़ने का लक्ष्य अग्रिम चरण में है। साथ ही, स्कूलों के उच्चीकरण, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य केंद्रों के विकास जैसे कई प्रोजेक्ट शासन स्तर से पहले ही स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा चुके हैं।

उन्होंने देहरादून में पढ़ने आने वाले उत्तरकाशी के छात्रों के लिए छात्रावास की सुविधा की मांग को गंभीरता से उठाया और रवाल्टा समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिलाने के अपने प्रयासों तथा यमुनोत्री को एक अलग जिला बनाने के संकल्प पर दोबारा जोर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और सामाजिक संगठनों ने चौहान की सक्रियता, सहजता और आम जन से सीधे जुड़ाव की सराहना करते हुए उन्हें अपना पूर्ण समर्थन दिया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. श्रीनन्द उनियाल, सेवानिवृत्त वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी श्री मनमोहन सिंह रावत और प्रोफेसर हुकम सिंह रावत जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिरकत कर युवाओं का मार्गदर्शन किया।

माना जा रहा है कि चौहान के इस सीधे और स्पष्ट रुख ने न केवल कांग्रेस, बल्कि भाजपा के अंदरूनी दावेदारों के लिए भी एक गंभीर चुनौती पेश की है। पार्टी के भीतर भी इस कार्यक्रम को लेकर खासी चर्चा है और सीएम धामी के करीबी मानने वाले नेता भी इसे एक सशक्त राजनीतिक पहल मान रहे हैं।

कार्यक्रम में सतेंद्र राणा, अटोल रावत, कुलदीप रावत, संदीप राणा, गिरीश भट्ट, निषाद रावत, बाबू बिष्ट, नागेंद्र बिष्ट, राकेश थपलियाल, प्रह्लाद राणा, तनुज असवाल, भगवती डिमरी, संजय चौहान, रोहित थपलियाल सहित क्षेत्र के अनेक शिक्षाविदों और सामाजिक हस्तियों ने भी भाग लेकर इसकी सार्थकता को बढ़ाया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments