दिल्ली / खटीमा। राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में रविवार को आयोजित एक गरिमामयी समारोह में दैनिक हमारी चौपाल समाचार पत्र के समाचार संपादक बलदेव चंद्र भट्ट को प्रतिष्ठित ‘आयरन मैन लीडरशिप अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान “The Role of the New Education Policy in Reviving Indian Languages and Culture” विषय पर आयोजित विशेष कॉन्क्लेव के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया था।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू और वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने संयुक्त रूप से बलदेव चंद्र भट्ट को मंच से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया था। समारोह में उनके निष्पक्ष पत्रकारिता, लगन, और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। ‘आयरन मैन’ की उपाधि उनके दृढ़ संकल्प, अविचल सिद्धांतों और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतीक मानी गई।

दिल्ली में प्राप्त करने के बाद जब बलदेव चंद्र भट्ट अपने गृह नगर खटीमा पहुंचे तो स्थानीय पत्रकारों व नागरिकों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. नवीन चंद्र भट्ट ने भी बलदेव चंद्र भट्ट का विशेष रूप से स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
बलदेव चंद्र भट्ट को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का प्रतीक है, बल्कि उन सभी पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है जो सत्य, नैतिकता और जनहित की पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं।

Recent Comments