निर्धारित सीमा के भीतर अधिकृत यूपीआई भुगतान अब संभव
यूज़र्स अब अपने भरोसेमंद संपर्कों को 15,000 रुपये प्रति माह तक के लेनदेन के लिए अधिकृत कर सकेंगे, पूर्ण नियंत्रण और रियल-टाइम पारदर्शिता के साथ
देहरादून। एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (एनबीएसएल), जो नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, ने आज भीम पेमेंट्स ऐप पर यूपीआई सर्कल फुल डेलीगेशन फीचर की शुरुआत की घोषणा की। यह नई सुविधा उपयोगकर्ताओं को अपने भरोसेमंद संपर्कों को उनकी ओर से एक निश्चित मासिक सीमा के भीतर यूपीआई भुगतान करने की अनुमति देती है, जिससे साझा और घरेलू वित्तीय प्रबंधन को सरल बनाया जा सकेगा, साथ ही पूर्ण पारदर्शिता और नियंत्रण भी सुनिश्चित रहेगा।
इस फीचर के तहत, एक प्राथमिक उपयोगकर्ता एक द्वितीयक उपयोगकर्ता को अपने खाते से सीधे यूपीआई भुगतान आरंभ करने और पूरा करने की अनुमति दे सकता है। प्राथमिक उपयोगकर्ता 15,000 रुपये तक की मासिक खर्च सीमा और अधिकतम 5 वर्ष तक की वैधता अवधि तय कर सकता है। यह सुविधा परिवारों, आश्रितों या कर्मचारियों के बीच दैनिक डिजिटल भुगतान को सुगम बनाती है, साथ ही सभी लेनदेन पर स्पष्ट निगरानी भी रखती है। यूपीआई सर्कल फुल डेलीगेशन भरोसेमंद उपयोगकर्ताओं को बिना अपने बैंक-लिंक्ड यूपीआई आईडी या बैंक खाते के सुरक्षित रूप से डिजिटल भुगतान में भाग लेने का अवसर प्रदान कर वित्तीय सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है।
एनबीएसएल की प्रबंध निदेशक एवं सीईओ, ललिता नटराज ने कहा, “फुल डेलीगेशन के साथ यूपीआई सर्कल रीयल-टाइम अनुमोदन से आगे बढ़कर भरोसेमंद, स्वायत्त भुगतान को सक्षम बनाता है। यह भारतीय परिवारों और व्यवसायों के स्वाभाविक कार्य करने के तरीके को दर्शाता है — जो विश्वास, लचीलापन और जवाबदेही पर आधारित है। इस तरह की सार्थक पहलों के माध्यम से, भीम पेमेंट्स ऐप हर वर्ग के लिए डिजिटल लेनदेन को और अधिक सरल, सुरक्षित और समावेशी बना रहा है।
प्रमुख उपयोग के क्षेत्र:
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता: परिवार के सदस्य वरिष्ठ नागरिकों को छोटे-मोटे खर्चों के लिए स्वतंत्र रूप से भुगतान करने की अनुमति दे सकते हैं। इससे वे सुरक्षित रूप से डिजिटल भुगतान के उपयोग में सहज हो सकेंगे।
युवाओं को सशक्त बनाना: माता-पिता अपने बच्चों को शिक्षा या दैनिक खर्चों के लिए निर्धारित मासिक सीमा के साथ भुगतान प्राधिकरण दे सकते हैं, जिससे नियंत्रण और सुरक्षा दोनों बरकरार रहें।
छोटे व्यवसायों में सुरक्षित डेलीगेशन: व्यवसाय मालिक अपने कर्मचारियों को ईंधन, टोल आदि जैसे परिचालन खर्चों के लिए भुगतान की अनुमति दे सकते हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है और नकदी प्रबंधन की आवश्यकता नहीं रहती।
डिजिटल रूप से अनुभवहीन उपयोगकर्ताओं की मदद: कामकाजी पेशेवर अपने आश्रितों को, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से कम परिचित हैं, भुगतान की सुविधा दे सकते हैं और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के साथ उनके दैनिक खर्च प्रबंधित कर सकते हैं।
यूपीआई सर्कल अब नए भीम पेमेंट्स ऐप (वर्जन 4.0.10) पर उपलब्ध है। भीम अपने मिशन “भारत का अपना पेमेंट्स ऐप” को साकार करते हुए सुरक्षित, स्केलेबल और समावेशी डिजिटल समाधानों के माध्यम से भारत के डिजिटल परिवर्तन को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

Recent Comments