प्रातःकालीन भ्रमण में ‘चाय पे चर्चा’ और कड़ाके की ठंड पर बड़ा फैसला
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल प्रवास के दौरान जहाँ एक ओर आम जनता से सीधे संवाद स्थापित किया, वहीं दूसरी ओर राज्यभर में भीषण होती ठंड को देखते हुए तत्काल सार्वजनिक सुरक्षा और राहत के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के तहत चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि जन कल्याणकारी योजनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद लिया और जनता से सीधे संवाद किया। यह कदम दर्शाता है कि मुख्यमंत्री आमजन से जुड़कर शासन को जन-केंद्रित बनाने पर ज़ोर दे रहे हैं।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जानकारी दी कि मंदिर को और अधिक भव्य व आकर्षक स्वरूप देने के लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिस पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने DSA मैदान के सुधार, वलिया नाला, और ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
अपने प्रवास के दौरान, मुख्यमंत्री धामी ने प्रशासनिक अकादमी नैनीताल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम सौड़ से आए ग्रामीणों ने पंगोट देचौड़ी सड़क को स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी लंबे समय से चली आ रही माँग पूरी हो गई है, जिससे क्षेत्र वासियों को सड़क सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। ग्रामीणों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में अध्यापकों की तैनाती एवं भवन निर्माण की माँग भी रखी गई, जिस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
नैनीताल से मुख्यमंत्री धामी ने बढ़ते ठंड एवं शीतलहर के मद्देनजर प्रदेशभर के सभी जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव हेतु सार्वजनिक स्थानों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही सभी रेन बसेरों में आवश्यक रजाई-कंबल आदि की पुख़्ता व्यवस्था होनी चाहिए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जिले में टीमों को सक्रिय रखते हुए शहरों, कस्बों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि असहाय एवं बेघर लोगों को समय पर राहत मुहैया कराई जा सके। उन्होंने प्रशासन को नगरीय क्षेत्रों के साथ ही कस्बों में भी सायंकाल में ठंड अधिक होने पर नियमित रूप से अलाव जलाने और उनकी दैनिक मोनिटरिंग की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए।
इस दौरान विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, आयुक्त कुमाऊँ मंडल दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Recent Comments