DM के निर्देश पर ‘देवभूमि CSC सेंटर’ पर ताला, छापे में मिले निर्वाचन के ‘संदिग्ध’ दस्तावेज़!

देहरादून ।जिलाधिकारी (DM) सविन बंसल के सख़्त निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जनसेवा केंद्रों पर चल रहे अनियमितताओं के खेल को उजागर करते हुए गुरुवार को सहारनपुर रोड, माजरा स्थित एक देवभूमि कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर औचक छापा मारा और गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने पर उसे तत्काल सील कर दिया। इस कार्रवाई से जिले के सभी जनसेवा केंद्र संचालकों में हड़कंप मच गया है।

उपजिलाधिकारी (SDM) कुमकुम जोशी और तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी के दौरान केंद्र में कई ऐसी अनियमितताएं सामने आईं, जिन्होंने गोपनीयता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जाँच के दौरान, टीम को जनसेवा केंद्र पर निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज़ मिले। जब केंद्र संचालक अब्दुल वसीम और आसिफ से इन संवेदनशील कागज़ात के बारे में पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। निर्वाचन संबंधी दस्तावेज़ों का जनसेवा केंद्र पर पाया जाना, एक बड़ी अनियमितता और संभावित गंभीर त्रुटि की ओर इशारा करता है।

संचालक अब्दुल वसीम के नाम से चल रहे इस देवभूमि सीएससी सेंटर (आईडी 275623770017) में केवल संवेदनशील दस्तावेज़ ही नहीं मिले, बल्कि पारदर्शिता के नियम भी ध्वस्त पाए गए। केंद्र पर न तो कोई रेट लिस्ट प्रदर्शित की गई थी, और न ही प्रमाण पत्रों की पंजिका का विवरण उपलब्ध था। सेवा शुल्क, लेन-देन विवरणों और अभिलेखों की गहन जाँच में नियमों का अनुपालन न होना और सेवा प्रदायगी में गंभीर त्रुटियाँ पाई गईं। केंद्र संचालक द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से केंद्र को सील करते हुए अग्रिम आदेशों तक उसका संचालन बंद कर दिया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन-सेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर अनियमितता, उपभोक्ता शोषण या पारदर्शिता का अभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने चेतावनी दी कि “जनहित सर्वोपरि है” और पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन का सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। अनियमितता पाए जाने पर पूरे जिले के सीएससी सेंटरों पर ताला लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments