देहरादून। देहरादून के विकास मॉल में आज रियल कॅलिबर प्रोडक्शन्स की सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म ‘विद्या – सपनों की उड़ान’ रिलीज हुई। फिल्म का उद्घाटन पार्षद प्रवीण सिंह नेगी ने किया, जिसमें निर्माता तेजोराज पटवाल, व्यंकट पुंडीर, समाजसेविका रमनप्रीत कौर, सुदीप जुगरान, कुंवरदीप सहित पूरी टीम मौजूद रही।
फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के देवाल ब्लॉक के वांण गांव, लाटू देवता और मां नंदा देवी के मनोरम प्राकृतिक स्थलों पर की गई है। ग्रामीण जीवन, संघर्ष और शिक्षा जैसी मूलभूत जरूरतों पर केंद्रित यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। कहानी में दिखाया गया है कि गांव के युवा शिक्षा सुधारने के उद्देश्य से अपने गांव लौटते हैं और स्कूल की स्थापना के लिए प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से संघर्ष करते हैं।

फिल्म में एकता तिवारी, सतीश शर्मा, सुशांत कांड्या, साहिल शिवराम, मानसी मिश्रा, दीपक बंगवाल, रमेश रावत, सुशील यादव, पल्लवी पाठक, भावना रोकड़े और तेजस्विनी गंगोला ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं।
निर्माताओं का कहना है कि फिल्म का उद्देश्य ग्रामीण समाज में शिक्षा की अहमियत और युवाओं की सकारात्मक भूमिका को सामने लाना है। उनका विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को न केवल मनोरंजन देगी बल्कि समाज में जागरूकता का संदेश भी फैलाएगी।


Recent Comments