25 से अधिक विभाग एक ही छत के नीचे
देहरादून । विकासखंड डोईवाला के दूरस्थ ग्राम इठारना में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में सरकार सचमुच जनता के द्वार पहुंचती नजर आई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए डीएम ने मौके पर ही अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण कराया और कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे जिला प्रशासन की प्राथमिकता में सबसे ऊपर हैं।
शिविर में 35 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए और उसी स्थान पर फार्म भरवाए। ग्राम पंचायत रानीपोखरी के लिए कूड़ा निस्तारण वाहन की तत्काल स्वीकृति दी गई, जबकि मृत पशुओं के शव निस्तारण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए गए। ग्राम पंचायत गदुल में आधार एवं श्रम कार्ड कैंप आयोजित करने के निर्देश भी मौके पर दिए गए, जिससे स्थानीय लोगों को आधार व श्रम पंजीकरण सुविधा गांव स्तर पर ही मिल सके।

शिविर के दौरान 50 आधार कार्ड बनाए गए, 64 छात्र-छात्राओं की रोजगार हेतु काउंसलिंग की गई, 2 जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए, 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र और 33 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 180 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई, नए गैस कनेक्शन के लिए 11 आवेदन प्राप्त हुए, राशन कार्ड हेतु 6 आवेदन लिए गए, 2 महालक्ष्मी व 10 किशोरी किट वितरित की गईं, जबकि 3 लाभार्थियों को कृषि उपकरण हेतु कुल 1.65 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई।
शिविर की खास उपलब्धियों में वृद्ध एवं जरूरतमंदों को सीधे पेंशन और सहायक उपकरण उपलब्ध कराना प्रमुख रहा। मौके पर ही 3 लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृत की गई, वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा 46 वृद्ध एवं दिव्यांग लाभार्थियों को कुल 132 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सीधी सुविधा मिल सके। पशुपालन विभाग ने 30 लाभार्थियों को पशु औषधि उपलब्ध कराई, उद्यान विभाग ने 12 लाभार्थियों को 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया, जबकि चिकित्सा विभाग ने 102 सामान्य ओपीडी, 15 गायनी ओपीडी, 30 से अधिक रक्त जांच, 16 टीबी जांच और 2 एक्स-रे कराए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाली अधिकतम समस्याओं का समाधान वहीं पर किया जाए और शेष प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर, निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक/भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक गिरी, सीडीपीओ जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Recent Comments