राष्ट्रीय युवा दिवस: सीएम धामी ने मंगल दलों को किया पुरस्कृत

देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला एवं युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार एवं 25 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई।

महिला मंगल दल धापला (नैनीताल) को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा (चमोली) को द्वितीय तथा महिला मंगल दल बनाली (टिहरी गढ़वाल) को तृतीय पुरस्कार मिला। वहीं युवक मंगल दल मोख मल्ला (चमोली) प्रथम, युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल (नैनीताल) द्वितीय एवं युवक मंगल दल चौड़ीराय (चम्पावत) तृतीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं एवं एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। एनएसएस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा।

मुख्यमंत्री धामी ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि वे युगद्रष्टा ऋषि थे जिन्होंने शिकागो भाषण के माध्यम से विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र पुनर्जागरण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि संगठित एवं आत्मनिर्भर युवाशक्ति ही सशक्त भारत का आधार बनेगी।

सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं—स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया आदि—का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में भी नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना एवं कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने रोजगार परिदृश्य के बदलाव पर चेतावनी देते हुए युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाने की जरूरत बताई।

उत्तराखंड को सनातन संस्कृति की भूमि बताते हुए धामी ने स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर बनाने की घोषणा की, जहां उन्होंने तपस्या की।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने विवेकानंद की बहुमुखी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी राष्ट्रीयता की भावना प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी। कार्यक्रम में विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा एवं निदेशक खेल आशीष चौहान उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments