रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में भव्य उधम सिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कुल 295.21 करोड़ रुपये की लागत से बने 61 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
कार्यक्रम से पूर्व धामी ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। उन्होंने कांवरियों के चरण पखारे, अंगवस्त्र व पुष्पमाला भेंट कर अभिवादन किया। इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकली शिव बारात में वे शामिल हुए, जहां विभिन्न संगठनों व जनता ने फूलमालाओं व पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत किया।
लोकार्पण में 123.91 करोड़ के 26 कार्य शामिल रहे। इनमें चिकित्सा विभाग का 20.35 करोड़ का एक कार्य, लोनिवि के 9.01 करोड़ के पांच, नगर निगम रुद्रपुर के 38.60 करोड़ के नौ, पशुपालन का 4.74 करोड़, संस्कृति विभाग का 95 लाख, सिंचाई के 26.52 करोड़ के दो, खेल विभाग के 19.02 करोड़ के चार, शिक्षा का 3.18 करोड़, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का 96 लाख व नगर पालिका बाजपुर का 58 लाख का कार्य प्रमुख हैं। वहीं शिलान्यास के 171.30 करोड़ के 35 कार्यों में लोनिवि के 93.92 करोड़ के पांच, नगर निगम रुद्रपुर के 59.53 करोड़ के 19, पशुपालन का 3.47 करोड़, शिक्षा के 7.41 करोड़ के दो व ग्रामीण निर्माण के 6.97 करोड़ के आठ कार्य हैं।


मुख्यमंत्री ने पांच नई घोषणाएं कीं। इनमें मानसखंड कॉरिडोर के तहत गोलज्यू मंदिर, शिव मंदिर व नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा स्थापना, पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी व गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक रोड निर्माण व गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करना शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए ये 295.21 करोड़ की परियोजनाएं मजबूत आधार बनेंगी। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसे क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। उन्होंने रुद्रपुर बाईपास (590 करोड़), खटीमा-टनकपुर व गदरपुर-जसपुर चार लेन सड़कें, मानूनगर-गदरपुर से हल्द्वानी मोटर मार्ग चौड़ीकरण (55 करोड़), रेलवे स्टेशन नवीनीकरण व दो रेल ओवरब्रिज, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट्स, सीबीजी प्लांट (15 करोड़), कूड़ा प्रबंधन प्लांट (17 करोड़), किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर (351 करोड़), पंतनगर हवाईअड्डा अपग्रेड, गदरपुर-खटीमा बाईपास व बस अड्डे, खेल स्टेडियम-ट्रैक, अरोमा-प्लास्टिक पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क, इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी व जमरानी बांध का जिक्र किया। जमरानी पूर्ण होने पर तराई क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई समस्या हल हो जाएगी।


धामी ने बंगाली समाज के लिए जाति प्रमाण-पत्र से ‘पूर्वी पाकिस्तान विस्थापित’ हटाने व नजूल भूमि पर मालिकाना हक देने का उल्लेख किया। उन्होंने सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर देते हुए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा नियंत्रण, समान नागरिक संहिता, मदरसा बोर्ड समाप्ति व अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण गठन, 250 अवैध मदरसों पर ताला, नकल विरोधी कानून (28 हजार सरकारी नौकरियां, 100 माफिया जेल), भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस (200 अधिकारियों पर कार्रवाई) का ब्योरा दिया। इससे उद्यमियों को पारदर्शिता का लाभ मिल रहा है।
इसके बाद धामी ने मेले के स्टॉलों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने दिए बनाए व सूत काता। सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा ने स्वागत-आभार व्यक्त कर विकास कार्य बताए व मांगें रखीं। कार्यक्रम के अंत में स्टार नाइट में शिव जागरण का ज्योति प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, उत्तम दत्ता, मंजीत सिंह, खतीब अहमद, मुकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, गुंजन सुखीजा, श्रीनेत्र पाल मौर्या, रामपाल सिंह, अनिल चौहान, राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, पीडी हिमांशु जोशी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments