देहरादून। क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, कृष्णा मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल द्वारा आज गढ़वाली कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में एक विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तराखण्ड केन्द्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग और वार्ड संख्या 65 की पार्षद श्रीमती विजय लक्ष्मी नेगी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले इस शिविर में गढ़वाली कॉलोनी एवं आदर्श नगर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
कृष्णा मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल की ओर से शिविर में ईसीजी, थायराइड टेस्ट, ब्लड प्रेशर, बोन मिनरल डेंसिटी (हड्डियों का घनत्व), लिपिड प्रोफाइल और ब्लड शुगर टेस्ट सहित कई प्रकार की स्वास्थ्य जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। मरीजों को जांच रिपोर्ट के आधार पर निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर में डॉक्टर द्रोण गरिया और डॉक्टर शेरॉन शेफर्ड ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक सलाह दी। टीम में फार्मासिस्ट विक्रांत प्रजापति, बोन मिनरल डेंसिटी विशेषज्ञ किशोर गंगवार, नर्स नूपुर, निशा, शैफाली तथा सहायक नर्स हिमांशु, सृष्टि और स्मृति ने भी अपनी सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
शिविर के सफल आयोजन पर कृष्णा मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी श्री हरजीत ने वार्ड पार्षद श्रीमती विजय लक्ष्मी नेगी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्तराखण्ड केन्द्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों तिलक राज शर्मा, रवींद्र सेमवाल, हरनिंदर एवं अनिल कुमार उनियाल के प्रति भी आभार प्रकट किया, जिनके सहयोग से यह शिविर सुचारू रूप से संपन्न हो सका।

श्री हरजीत ने कहा, “हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। कृष्णा मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल भविष्य में भी इसी प्रकार के निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।” शिविर में आए सभी मरीजों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent Comments