उत्तरकाशी। जिले में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को फायर सर्विस उत्तरकाशी की टीम ने आंगनबाड़ी केंद्र कोटियाल गांव में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में गांव की महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अग्नि सुरक्षा की व्यापक जानकारी देते हुए प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
टीम द्वारा महिलाओं को आग से होने वाली दुर्घटनाओं से बचने के प्रभावी तरीके तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। इस दौरान फायर कर्मियों ने लाइव डेमोंसट्रेशन (प्रत्यक्ष प्रदर्शन) के माध्यम से घरेलू एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने के सही तरीके सिखाए गए।

इसके अलावा पेट्रोल, डीजल एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों में आग लगने पर उस पर काबू पाने के गुर भी बताए गए। फायर सर्विस टीम ने यह भी समझाया कि जंगलों में लगने वाली आग को फैलने से रोकने के लिए क्या सावधानियां बरती जानी चाहिए और प्रारंभिक स्तर पर उस पर कैसे नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आपात स्थिति से निपटने के लिए आत्मनिर्भर बनाना था, ताकि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में प्रशिक्षित महिलाएं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभा सकें। शिविर में उपस्थित सभी महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए फायर सर्विस टीम का आभार व्यक्त किया।

Recent Comments