​दून पुलिस का एक्शन: निदेशक कार्यालय में बवाल करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत 4 गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में 21 फरवरी को हुए उत्पात और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना उस समय हुई जब स्थानीय विधायक उमेश शर्मा ‘काउ’ अपने समर्थकों के साथ निदेशक कार्यालय पहुंचे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक और उनके साथ आए लोग निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल से किसी मामले को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल हिंसक हो गया। आरोप है कि भीड़ ने न केवल कार्यालय में अराजकता फैलाई, बल्कि वहां रखी कुर्सियों और अन्य सामान को इधर-उधर फेंककर जमकर तोड़फोड़ की। इस उपद्रव में कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मचारियों के चोटिल होने की भी सूचना है।

इस मामले में निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने थाना रायपुर में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने लोक सेवक के कार्यों में बाधा डालने, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। दिलचस्प बात यह है कि इसी घटना के संबंध में विधायक की सुरक्षा में तैनात एक सिपाही कॉन्स्टेबल सुशील रमोला ने भी अलग से तहरीर देकर मारपीट और परिरोध करने का मामला दर्ज कराया है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, साक्ष्य और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस आधार पर पुलिस ने उपद्रव में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

· अरविन्द पुण्डीर उर्फ कल्ली (पुत्र स्वर्गीय मगन सिंह पुण्डीर), निवासी नूनरखेड़ा, थाना रायपुर
· लक्ष्मण नवानी (पुत्र स्वर्गीय भुवनेश्वर प्रसाद), निवासी शिवलोक कॉलोनी, लाडपुर
· राकेश थपलियाल (पुत्र स्वर्गीय आर.पी. थपलियाल), निवासी तपोवन रोड, लाडपुर
· अक्षय राणा (पुत्र संग्राम सिंह राणा), निवासी सौंधोवाली, थाना रायपुर

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments