देहरादून। जिज्ञासा यूनिवर्सिटी के परिसर में होली मिलन समारोह पूरे उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय का वातावरण रंगों की छटा से खिल उठा। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक अंदाज़ में रंग और गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
समारोह के दौरान इंटर-इंस्टीट्यूशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाशाली छात्रों को प्रमाणपत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस मौके पर कुलपति प्रो. डॉ. शंकर रामामूर्ति ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को होली की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मकता के रंगों से भरने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें, ताकि व्यक्तित्व का समग्र विकास हो और समाज में सकारात्मक योगदान दिया जा सके। साथ ही, कुलपति ने प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्रों ने गीत, नृत्य और समूह प्रस्तुतियों सहित कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिन्हें मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा। इन प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवधर्मी माहौल से भर दिया।
समारोह के समापन पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Recent Comments