हरिद्वार । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के शनिवार के दौरे से पहले हरिद्वार शहर पूरी तरह सज-संवर गया है। ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत बैरागी कैम्प में होने वाले विशाल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एक बार फिर हरिद्वार का भ्रमण कर इन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था और पार्किंग को सुचारू रखने के साथ ही पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की कोई कमी न रहे। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कार्यक्रम में आने वाले हर व्यक्ति को सुविधा मिले।
अमित शाह इस दौरान राज्य सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों और नई न्याय संहिताओं पर आधारित दो प्रदर्शनियों का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के तहत कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने और लोकार्पण की भी योजना है।


इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, विधायक मदन कौशिक, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पाण्डे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Recent Comments