महिला सुरक्षा को समर्पित : कुमायूँ पुलिस ने मनाया ‘कोशिश – एक नई आशा ‘ थाना दिवस

नैनीताल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुमायूँ पुलिस की पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में कुमाऊं परिक्षेत्र के समस्त जनपदों के समस्त थानों में “कोशिश – एक नई आशा” थीम के अंतर्गत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। थाना दिवस के दौरान महिला हेल्पलाइन एवं ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित प्रकरणों से संबंधित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मामले का परीक्षण कर उनके शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।

थाना दिवस के दौरान जनपद प्रभारी द्वारा जनपद के एक थाने में तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार के एक-एक थाने में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

कुमायूँ पुलिस द्वारा इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। “कोशिश – एक नई आशा” अभियान महिलाओं के प्रति विश्वास, सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में कुमायूँ पुलिस का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कुमायूँ पुलिस का संदेश
सशक्त महिला – सुरक्षित समाज, यही है ‘कोशिश – एक नई आशा’ का संकल्प।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments