जिले में 11 हजार सिलेंडरों की आपूर्ति, कालाबाजारी में 50 सिलेंडर जब्त और दो लोग गिरफ्तार
देहरादून । मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की आपूर्ति और उससे जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मोर्चा संभाल लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में सक्रिय कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। शुक्रवार शाम 5 बजे तक कंट्रोल रूम के विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और व्हाट्सएप पर कुल 405 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर खाद्य पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों की टीम तत्काल कार्रवाई कर रही है।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में आज 11 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में लगभग 53 हजार सिलेंडरों का बैकलॉग चल रहा है, जिसे खत्म करने के लिए आपूर्ति का लोड बढ़ा दिया गया है। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि शनिवार से बैकलॉग में तेजी से कमी आएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि IOCL, HPCL और BPCL के प्रतिनिधि प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक कंट्रोल रूम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और वितरण की अद्यतन सूचना उपलब्ध कराएंगे।

गैस की किल्लत के बीच अवैध संग्रहण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने छापेमारी की बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 50 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। सहस्त्रधारा, नालापानी और लाडपुर क्षेत्र में 12 सिलेंडर पकड़े गए, वहीं ऋषिकेश के खदरी श्यामपुर में एक वाहन से 37 सिलेंडर बरामद कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अतिरिक्त विकासनगर में भी एक घरेलू सिलेंडर जब्त किया गया। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा है कि कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है ताकि आम जनता में किसी भी प्रकार का भय या संशय न रहे।

Recent Comments