देहरादून। प्रदेश व देश में फैले रसोई गैस (एलपीजी) संकट को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने गुरुवार को आरोप लगाया कि इस संकट के लिए पूरी तरह से केंद्र की मोदी सरकार की अदूरदर्शी नीतियां और विफल विदेश नीति जिम्मेदार है।
श्री धस्माना ने कहा कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ छेड़े गए युद्ध के कारण उत्पन्न पेट्रोलियम संकट के लिए सरकार पहले से तैयार नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध शुरू होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल यात्रा, ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई और अन्य ईरानी नेताओं की मौत पर भारत की मौन प्रतिक्रिया, तथा ईरान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत द्वारा पड़े गए वोट ने ईरान को नाराज किया है।
“इसी नाराजगी का नतीजा है कि स्ट्रेट ऑफ हार्मोज से भारत को गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई प्रभावित हुई है,” धस्माना ने कहा। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि वह या तो इस भू-राजनीतिक स्थिति से अनभिज्ञ हैं या फिर जानबूझकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए धस्माना ने सवाल उठाया कि जब सरकार का दावा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर अचानक घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी क्यों की गई? उन्होंने इसे जनता की जेब काटने की साजिश बताते हुए कहा कि देश में अफरातफरी का माहौल बनाने के जिम्मेदार खुद भाजपा और केंद्र सरकार है।
उन्होंने कहा कि देश और दुनिया जानती है कि भारत की ईरान से बढ़ती दूरी का खामियाजा अब आम आदमी को रसोई गैस के रूप में भुगतना पड़ रहा है। धस्माना ने मांग की कि सरकार तत्काल इस संकट को हल करे और गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले। साथ ही उन्होंने भाजपा अध्यक्ष से इस मूल्य वृद्धि का जवाब देने की मांग की।

Recent Comments