फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वालों पर FIR दर्ज करने के कड़े निर्देश

जनपद में किसी तरह से कोई फर्जी प्रमाण पत्र जारी न हो इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूर्व में ही सभी उपजिलाधिकारियों एवं सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हरिद्वार।  जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने अवगत कराया है कि विकास खंड बहादराबाद में गलत जन्म प्रमाण पत्र बनाएं जाने का मामला प्रकाश में आया है, जिसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा सहायक विकास अधिकारी पंचायत बहादराबाद को दिए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को पत्र जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई आख्या दिनांक 12.03.2026 के सम्बन्ध में यह अवगत कराया गया है कि श्रीमती शाहीन पत्नी उस्मान व  उस्मान पुत्र मौ० इकबाल निवासी पावधोई राम रहीम कॉलोनी ज्वालापुर हरिद्वार के द्वारा आपको एक आवेदन पत्र देते हुए अनुरोध किया गया कि “प्रार्थिया की पुत्री अक्षा का जन्म दिनांक 01.03.2008 को जया मैक्सवेल हॉस्पिटल अतमालपुर बौंगला में हुआ था, जिसका जन्म प्रमाण पत्र पूर्व में जारी हुआ था, जोकि मुझसे खोया गया। उसकी छायाप्रति मेरे पास है।

मुझे मेरी पुत्री को आधार कार्ड अपडेट कराने में बारकोड वाला ऑनलाईन प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। इस प्रमाण पत्र को ऑनलाईन कराने की कृपा करें।” इस आवेदन के साथ इनके द्वारा पूर्व में दिनांक 05.02.2009 को हस्त निर्मित जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति उस्मान व श्रीमती शाहीन के आधार व मतदाता पहचान पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न की गयी थी। उक्त आवेदन के आधार पर आपके द्वारा इनकी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र को दिनांक 18.02.2026 को ऑनलाईन करके इन्हें कु० अक्षा का जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण संख्या 174 (छायाप्रति संलग्न) निर्गत किया गया।

पिछले दिनों एक व्यक्ति के द्वारा आपसे सम्पर्क करते हुए आपको अवगत कराया गया कि श्रीमती शाहीन व  उस्मान के द्वारा मुझे जाली जन्म प्रमाण पत्र दिनांक 05.02.2009 की छायाप्रति प्रस्तुत कर धोखे से अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र सी०आर०एस० पोर्टल पर ऑनलाईन करवाया गया है। इस पर आपके द्वारा जया मैक्सवेल हॉस्पिटल अतमालपुर बौंगला जाकर कु० अक्षा के उक्त अस्पताल में जन्म के संबंध में जाँच की गयी, तो यह पाया गया कि वर्ष 2008 में यह हॉस्पिटल बना ही नहीं था। इससे स्पष्ट है कि श्रीमती शाहीन व उस्मान के द्वारा आपको कपटपूर्ण तरीके से तैयार किए गए पूर्व जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति प्रस्तुत करते हुए इसे सी०आर०एस० पोर्टल पर ऑनलाईन करवाया गया। आपको यह भी सम्भावना है कि इन षडयन्त्रकारियों के द्वारा चूंकि निवास नगर क्षेत्र में किया जाता है तो इनके द्वारा ऐसे झूठे आवेदन नगर पालिका शिवालिक नगर व नगर निगम हरिद्वार में भी किये गये होगें।

उक्त से स्पष्ट है कि श्रीमती शाहीन पत्नी उस्मान व  उस्मान पुत्र मौ० इकबाल निवासी पावधोई राम रहीम कॉलोनी ज्वालापुर हरिद्वार के द्वारा कपटपूर्वक अपनी पुत्री कु० अक्षा का 01 जाली जन्म प्रमाण पत्र दिनांक 05.02.2009 तैयार करके उसके आधार पर एक षडयन्त्र के तहत् आपसे उक्त फर्जी जन्म प्रमाण पत्र को सी०आर०एस० पोर्टल पर ऑनलाईन कराकर ऑनलाईन जन्म प्रमाण पत्र दिनांक 18.02.2026 निर्गत कराया गया है।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि आप तत्काल श्रीमती शाहीन पत्नी  उस्मान व  उस्मान पुत्र मौ० इकबाल निवासी पावधोई राम रहीम कॉलोनी ज्वालापुर हरिद्वार व अन्य के विरुद्ध धोखाधड़ी, आपराधिक षडयंत्र, कूटरचना से सरकारी अभिलेख तैयार करना, फर्जी साक्ष्य तैयार करने, सरकारी कार्यों में बाधा डालना सहित कठोर धाराओं में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाते हुए उक्त धोखाधड़ी से ऑनलाईन कराकर निर्गत जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण संख्या 174 दिनांक 18.02.2026 को अविलम्ब निरस्त कराकर सभी को पंजीकृत डाक से संसूचित करना सुनिश्चित करें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments