बारात में चहल, रैना, रिंकू सिंह संग पहुंचे क्रिकेटर, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने दिया आशीर्वाद
मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने शनिवार को उत्तराखंड की पहाड़ियों की रानी मसूरी में प्रेमिका वंशिका के साथ सात फेरे लेकर जीवन की नई पारी शुरू कर दी। शहर के सवाय होटल में आयोजित भव्य समारोह में दोनों परिवारों के अलावा क्रिकेट जगत की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं।
सुबह आठ बजे से शुरू हुए विवाह समारोह की शुरुआत पारंपरिक रस्मों के साथ हुई। शाम चार बजे दूल्हे का साफा बांधने की रस्म अदा की गई, जिसके बाद पांच बजे धूमधाम से बारात निकली। बैंड-बाजों के साथ निकली इस बारात में कुलदेप के साथ उनके दोस्त और साथी क्रिकेटर जमकर झूमे। रात आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुलदीप और वंशिका ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए।
विवाह समारोह में क्रिकेट जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। कुलदीप के करीबी दोस्त और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के अलावा सुरेश रैना, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भी शादी में शिरकत की। भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी इस अवसर पर मौजूद रहे। वहीं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे, जिससे समारोह का महत्व और बढ़ गया।
इस शादी की एक खास बात यह रही कि पूरा आयोजन मसूरी की खूबसूरत वादियों के बीच हुआ, जिसने इस शादी को और भी यादगार बना दिया। अब सभी की निगाहें 17 मार्च को लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल में आयोजित होने वाले रिसेप्शन पर टिकी हैं। इस रिसेप्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें राजनीति और क्रिकेट जगत की कई और हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

Recent Comments