नई दिल्ली। उत्तराखंड में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। भाजपा के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित प्रदेश के आधा दर्जन प्रभावशाली नेताओं ने आज दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह शामिल होने का सिलसिला कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान संपन्न हुआ।
प्रेस वार्ता में कुमारी शैलजा के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस चुनाव समिति के सदस्य व विधायक प्रीतम सिंह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य करण माहरा, गुरमीत सप्पल कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन उत्तराखंड कांग्रेस के महासचिव विजय सारस्वत पूर्व राज्य मंत्री पवन भट्ट कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप समेत अनेक नेता मौजूद थे।


शामिल होने वालों में ये रहे प्रमुख चेहरे:
· राजकुमार ठुकराल: रुद्रपुर से पूर्व भाजपा विधायक एवं रुद्रपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष।
· नारायण पाल: बसपा के पूर्व विधायक।
· भीमलाल आर्य: टिहरी गढ़वाल के घनसाली से पूर्व विधायक।
· गौरव: रुड़की नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष।
· लक्ष्मण सिंह: नैनीताल जिला पंचायत सदस्य।
· अनुज गुप्ता: मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के उत्तराखंड सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मदन यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की अनुपस्थिति पर धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से 15 दिन का अवकाश लिया है, जिसके कारण वह दिल्ली नहीं आ पाए।

नवागत नेताओं का स्वागत करते हुए कुमारी शैलजा और अन्य नेताओं ने कहा कि पार्टी में इन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। धीरेंद्र प्रताप ने कहा, “आज आधा दर्जन से अधिक विपक्षी नेताओं के कांग्रेस में आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जल्द ही भाजपा और अन्य दलों के एक दर्जन से अधिक नेता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके आने से पार्टी और सशक्त होगी।”
इस दौरान सभी नेताओं ने दो-दो मिनट के संक्षिप्त संबोधन में नए सदस्यों का अभिनंदन किया ।

Recent Comments