राजधानी की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, ये हैं 8 बड़ी मांगें

देहरादून। राजधानी में बढ़ते अपराध और बिगड़ते यातायात को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचा और शहर की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को बताया कि देहरादून इन दिनों लगातार हो रही संवेदनशील घटनाओं के चलते तनाव में है। राजपुर थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की हत्या, रायपुर थाने में पीआरडी जवान की हिरासत में संदिग्ध मौत और नारी निकेतन में महिला की आत्महत्या जैसी घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसी वारदातों से आम लोगों के मन में डर का माहौल बन गया है, जबकि अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

पुलिस प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने आठ सूत्रीय मांग पत्र के जरिए तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। मांगों में शहर के संवेदनशील इलाकों में सुबह और देर रात पुलिस गश्त बढ़ाने, काले शीशे वाली गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच करने को कहा गया है। इसके अलावा, सुनसान मार्गों व प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, हिरासत में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाने और नारी निकेतन जैसे संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त करने की बात भी कही गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई कर कानून का भय बहाल करने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार ने राजधानी की यातायात समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में पार्किंग की अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी के कारण जाम की स्थिति आम हो गई है। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम शुरू करने और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए और इन मांगों पर शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।

इस दौरान पार्षद प्रमोद गुप्ता, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, मनोज सैनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments