बार के बिल पर छिड़ा ‘गैंगवार’, मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत
देहरादून। राजधानी के शांत माने जाने वाले राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब दो लग्जरी कारों के बीच फिल्मी स्टाइल में ‘चेज’ और ‘फायरिंग’ शुरू हो गई। इस खूनी संघर्ष के बीच दुर्भाग्यवश मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चंद घंटों के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह कोई ‘रोड रेज’ नहीं, बल्कि बार के बिल को लेकर शुरू हुआ एक ‘गैंगवार’ था। पुलिस ने बार संचालक सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि खूनी खेल की पटकथा रविवार रात कुठालगेट स्थित ‘ZEN-Z’ बार में लिखी गई थी। यहां आदित्य चौधरी और शांतनु त्यागी अपने साथियों के साथ पार्टी करने पहुंचे थे। बिल के भुगतान के समय डिस्काउंट को लेकर बार कर्मियों और इन युवकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। गुस्साए बार कर्मियों ने इन रईसजादों की स्कॉर्पियो कार का शीशा तोड़ दिया। उस वक्त तो ये युवक ‘देख लेने’ की धमकी देकर चले गए, लेकिन उनके मोबाइल और चार्जर बार में ही छूट गए।
सोमवार सुबह जब बार कर्मी रोहित और अखलाक अपने मालिक की फॉर्च्यूनर लेकर मोबाइल उठाने जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद मसूरी रोड पर शुरू हुआ मौत का पीछा। दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। इसी दौरान एक गोली वहां टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को जा लगी। गोलीबारी के कारण फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने घायल बार कर्मियों को लाठी-डंडों और रॉड से बेरहमी से पीटा और फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पहले इस घटना को ‘साइड’ न देने का विवाद (रोड रेज) बताने की कोशिश की। लेकिन जब एसएसपी देहरादून ने सख्ती से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने झाड़ियों से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ये तमंचे बार मालिक संदीप कुमार ने ही अपने कर्मचारियों को मुहैया कराए थे। पुलिस ने बार मालिक को भी दबोच लिया है और ‘ZEN-Z’ बार को सील कर लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी है।
पुलिस ने अब तक रोहित कुमार (दिल्ली), मौ. अखलाक (बिहार), बार संचालक संदीप कुमार (दिल्ली) और आदित्य चौधरी (रायपुर, देहरादून) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य शूटर शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।


Recent Comments