कुंभ मेला और देहरादून में महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती, शासन ने जारी किए आदेश
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल को आगामी व्यवस्थाओं, विशेष रूप से कुंभ मेला की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।जारी आदेश के अनुसार, योगेंद्र सिंह रावत को उनके वर्तमान पद पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आयुष अग्रवाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी से हटाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला नियुक्त किया गया है।इसी क्रम में, श्वेता चौबे को सेनानायक, आईआरबी द्वितीय से स्थानांतरित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी बनाया गया है। वहीं श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे को नए सिरे से सेनानायक, आईआरबी द्वितीय के पद पर तैनाती दी गई है।
शासन के आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण करने की सूचना उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराएं।

इस तबादला सूची को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर कुंभ मेला जैसे बड़े आयोजन को देखते हुए अनुभवी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Recent Comments