आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का मंत्री रेखा आर्या से प्रतिनिधिमंडल मिला, कई समस्याओं पर उठाई आवाज

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या जी के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले माननीय मंत्री जी का हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया कि उनके सहयोग एवं प्रयासों से प्रदेश में कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति हुई और वे सुपरवाइजर बनीं। इसके लिए मंत्री जी ने जो सकारात्मक पहल की, उसकी सभी कार्यकर्ताओं ने सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान में चल रही समस्याओं को मंत्री जी के समक्ष रखा। मंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को ध्यानपूर्वक सुना, समस्याओं को चिन्हित करते हुए उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  1. किराए के भवनों का किराया: कई आंगनबाड़ी केंद्र किराए के भवनों में संचालित हैं। मांग है कि भवन किराये की धनराशि शासनादेश में संशोधन कर माता समिति के खाते में दी जाए, न कि भवन स्वामी के खाते में।
  2. मानदेय की स्थिति स्पष्ट न होना: कार्यकर्ताओं को यह स्पष्ट नहीं हो पाता कि किस माह का मानदेय उनके खाते में आ रहा है। मांग है कि पासबुक में यह अंकित होना चाहिए कि किस माह का भुगतान हुआ है, ताकि असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।
  3. कोरोना काल में निशुल्क वितरित सेनेटरी पैड के पैसे जमा करने का दबाव: वर्ष 2021, कोरोना काल में विभाग ने महिलाओं एवं किशोरियों को निशुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड वितरित किए थे। वर्तमान में विभाग द्वारा उन पैडों के पैसे जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे कार्यकर्ता जमा करने में असमर्थ हैं।
  4. सैनिटरी नैपकिन की कीमत में वृद्धि: हाल ही में विभाग ने कई केंद्रों पर 15 रुपये में सैनिटरी नैपकिन बेचने के निर्देश दिए हैं, जिसे लाभार्थी वर्ग नहीं खरीद रहा है। मांग है कि पूर्व की भांति 6 रुपये में ही इसकी बिक्री के आदेश किए जाएं।
  5. स्मार्टफोन सिम रिचार्ज की धनराशि बढ़ाई जाए: विभाग द्वारा ऑनलाइन कार्यों के लिए स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन सिम रिचार्ज के लिए दी जाने वाली धनराशि अत्यधिक कम है, जिससे समस्या हो रही है। राशि बढ़ाने की मांग की गई।
  6. पोषण ट्रैकर में फेस कैप्चर की समस्या: पोषण ट्रैकर एप में फेस कैप्चर में आ रही तकनीकी समस्याओं से भी मंत्री जी को अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी से इस माह के अंत तक सभी आंगनबाड़ी संगठनों और विभागीय उच्च अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया। मंत्री जी ने इस पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही सभी संगठनों के साथ संयुक्त बैठक की जाएगी।

अंत में मानदेय वृद्धि के विषय पर चर्चा हुई। मंत्री जी ने कहा कि इस मामले में सरकार में एक्सरसाइज चल रही है और विचार-मंथन हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कुछ समय और इंतजार करने का अनुरोध करते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही संतोषजनक मानदेय वृद्धि की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में जिला संयोजिका मधु पुंडीर, शहर अध्यक्ष तनु बाबा, रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीलम चौहान, बिन्नी देवी, ब्लॉक अध्यक्ष सविता सजवान, मालती रावत सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहीं।

राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की ओर से सुशीला खत्री ने सभी बहनों से अपील की है कि वे अपने-अपने ब्लॉक एवं जिला स्तरीय समस्याओं को नोट कर प्रदेश पदाधिकारी तक पहुंचाने का कष्ट करें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments