देहरादून। उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से आकर निवास कर रहे संदिग्ध और आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशव्यापी ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के नेतृत्व में पिछले डेढ़ माह से जारी इस सघन अभियान ने संदिग्धों के बीच हड़कंप मचा दिया है। इसके साथ ही यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वालों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’के तहत भी पुलिस का डंडा चला है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस टीमों ने जिले के नगर और देहात क्षेत्रों में स्थित 342 अपार्टमेंट्स और 59 गेटेड कॉलोनियों सहित लगभग 30,125 आवासों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों, बस्तियों के साथ-साथ होटलों, धर्मशालाओं और हॉस्टलों में रह रहे कुल 43,499 बाहरी व्यक्तियों का डेटा खंगाला गया। जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए 4,466 लोगों के खिलाफ पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की।

सत्यापन प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मियों का अनिवार्य सत्यापन न कराने वाले 2,596 मकान मालिकों व स्वामियों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए। पुलिस ने इन लापरवाह स्वामियों पर कुल 02 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,805 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया।
अभियान की बड़ी सफलता के रूप में पुलिस ने बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से देहरादून में रह रही 03 विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनके विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 07 अन्य अभियुक्तों को रायवाला और कैंट क्षेत्र से दबोचा गया। पूरे अभियान के दौरान कुल 73 संदिग्धों को सलाखों के पीछे भेजा गया है।

सत्यापन के साथ-साथ दून पुलिस सड़कों पर भी पूरी तरह मुस्तैद दिखी। ‘ऑपरेशन प्रहार’के तहत कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 02 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए। इसके अलावा, मोडिफाईड साइलेंसर से शोर मचाने वाले और सड़कों पर ‘रैश ड्राइविंग’ करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए 52 दुपहिया वाहनों को सीज किया गया है।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन और यातायात नियमों का पालन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संदिग्धों की तलाश और हुड़दंगियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि राजधानी की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सके।

Recent Comments