गुटबाजी पर पूर्ण विराम, कांग्रेस है एकजुट – गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज एक अहम बयान देते हुए साफ किया कि पार्टी में गुटबाजी को पूरी तरह विराम लग चुका है और प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने पार्टी नेताओं से सार्वजनिक रूप से टिप्पणी न करने की अपील भी की।

गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस की राज्य प्रभारी कुमारी शैलजा का उत्तराखंड में जल्द ही पांच दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर जोरों-शोरों से तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के संपर्क में कई विधायक भी हैं, लेकिन पार्टी में शामिल होने वाले लोगों के बारे में सोच-समझकर ही निर्णय लिया जाएगा।

गोदियाल ने सभी कांग्रेस नेताओं से अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक तौर पर टिप्पणी करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी के भीतर कोई भी मुद्दा या असहमति हो तो उसे सार्वजनिक मंच पर न उठाकर पार्टी के आंतरिक फोरम में रखा जाए। इससे संगठनात्मक मजबूती आएगी और विपक्ष को कोई मौका नहीं मिलेगा।

गोदियाल ने पार्टी में कथित फूट की अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस एकजुट है और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें कोई सफलता नहीं मिलेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments