चारधाम यात्रा की तैयारियों पर पुलिस की पैनी नजर, IG विम्मी सचदेवा ने हरिद्वार में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार । चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक पी एंड एम, उत्तराखंड श्रीमती विम्मी सचदेवा ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व यातायात प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अपने दौरे के दौरान IG पी एंड एम ने हरिद्वार के सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार माने जाने वाले हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थलों, पड़ाव के लिए चयनित स्थानों, पंजीकरण केंद्रों और अन्य जरूरी इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने तैयार किए गए रोडमैप के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के बाद श्रीमती विम्मी सचदेवा ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पार्किंग स्थलों, हॉल्टिंग पॉइंट्स और रजिस्ट्रेशन सेंटर्स का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की और कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्री वाहनों की पार्किंग, ठहराव और पंजीकरण की व्यवस्था ऐसी हो कि कहीं भी अनावश्यक दबाव या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

IG ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में यात्रियों की भारी आमद रहती है, ऐसे में सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी संबंधित इकाइयां आपसी तालमेल के साथ काम करें और जिन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है, उन्हें समय रहते पूरा किया जाए।

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से साफ किया गया है कि चारधाम यात्रा-2026 को लेकर इस बार हर स्तर पर व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव मिल सके।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments