ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
देश भर से आए तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने वाली एक दिव्य अनुभूति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य संकल्प यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना है, ताकि हर श्रद्धालु यहाँ से स्वर्णिम स्मृतियाँ लेकर लौटे। माँ गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इसकी सफलता के लिए वे स्वयं नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए सभी श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘ग्रीन चारधाम यात्रा’ और ‘प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ’ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत सभी वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हो रहे ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने ₹12 हजार करोड़ के दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, केदारनाथ-बद्रीनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों और आगामी रोपवे परियोजनाओं का जिक्र किया, जो यात्रा को और अधिक आधुनिक व सुगम बनाएंगे। साथ ही, उन्होंने यात्रियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने का भी आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी का पालन करने का सुझाव दिया और बताया कि केदारनाथ व बद्रीनाथ में आधुनिक अस्पतालों की सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने परिवहन विभाग की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सिंगल लेन सड़कों और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में शटल सर्विस व हेल्पलाइन नंबर की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस ऐतिहासिक शुभारंभ के अवसर पर विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा सहित भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री और भोपाल सिंह नेगी जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments