इनामी दुष्कर्मी, नशा तस्कर और लुटेरों समेत कई शातिर दबोचे
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के कुशल नेतृत्व में वर्तमान में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ अपराधियों के लिए काल सिद्ध हो रहा है, जिसके तहत जनपद की पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों की कमर तोड़ दी है। इस अभियान के तहत दून पुलिस ने न केवल गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों को दबोचा है, बल्कि वर्षों से फरार चल रहे इनामी अपराधियों को भी सलाखों के पीछे पहुँचाया है। पुलिस की इस सक्रियता ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि देवभूमि की शांति व्यवस्था भंग करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है।
अभियान के दौरान सबसे बड़ी सफलता ऋषिकेश पुलिस के हाथ लगी, जिसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध में वर्ष 2024 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अमित कुमार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। शातिर अभियुक्त अमित कुमार पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए गुजरात भाग गया था और वहां अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था। एसएसपी देहरादून द्वारा उस पर घोषित इनाम और लगातार जारी दबिशों के बाद आखिरकार एसओजी और ऋषिकेश पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे उस वक्त दबोच लिया जब वह चुपके से हरिद्वार पहुंचा था।

इसी क्रम में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने महिला व बाल अपराधों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए सामूहिक दुष्कर्म के एक संवेदनशील मामले का अनावरण किया है। सहसपुर निवासी एक महिला की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अमित भंडारी को मोहब्बेवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अभियुक्त ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर होटल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार अन्य दो अभियुक्तों की तलाश में कई टीमें रवाना कर दी हैं।


वहीं, डोईवाला और कैंट थाना क्षेत्रों में भी ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर साफ देखने को मिला। डोईवाला पुलिस ने एयरपोर्ट रोड जॉलीग्रांट के पास चेकिंग के दौरान कुलदीप पार्छा नामक एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और बीयर बरामद हुई है। दूसरी ओर, कोतवाली कैंट पुलिस ने बिंदाल क्षेत्र में एक महिला के साथ छिनौती का प्रयास करने वाले दो लुटेरों, दीपक कल्याणी और कन्हैया साहनी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ घटना में शामिल एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को पुलिस ने सीज कर दिया है।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे शातिरों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Recent Comments