उत्तरकाशी। ग्राम साड़ग , तहसील जोशियाड़ा में कृषि सांख्यिकी विभाग द्वारा फसल कटाई प्रयोग (Crop Cutting Experiment) संपन्न कराया गया। उक्त प्रयोग अपर जिलाधिकारी उत्तरकाशी मुक्ता मिश्रा के निर्देशन एवं उपस्थिति में कृषक श्री विक्रम सिंह के खेत संख्या 150 में गेहूं की फसल पर किया गया।
फसल कटाई प्रयोग के दौरान गेहूं की हरी उपज 22.135 किलोग्राम प्राप्त हुई। इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी श्री रमेश भारद्वाज, ग्राम प्रधान श्रीमती सीता देवी, कपटवारी श्री सुशील कंडारी, मनीषा कसत्कार सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा द्वारा बताया गया कि फसल कटाई प्रयोग का मुख्य उद्देश्य विभिन्न फसलों की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक आकलन करना है, जिससे किसानों की औसत उपज का सही आंकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया कृषि उत्पादन संबंधी आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, मुआवजा निर्धारण एवं कृषि नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी फसल कटाई प्रयोग निर्धारित मानकों एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाएं, ताकि प्राप्त आंकड़े विश्वसनीय एवं उपयोगी सिद्ध हों।

Recent Comments