देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रविवार को मसूरी, सेलाकुई और बसंत विहार समेत कई क्षेत्रों में दून पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में यातायात व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में नशे में पुलिस वर्दी का रौब दिखाने वाले युवक से लेकर बिना सत्यापन रह रहे बाहरी लोगों और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वालों तक पर सख्त कार्रवाई की गई।
मसूरी में उतारी वर्दी की खुमारी
कोतवाली मसूरी पुलिस ने लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान वैगनआर कार UP 15 DZ 2906 को रोका, जिसके डैशबोर्ड पर यूपी पुलिस की पी-कैप और पीछे उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी मिली। जांच में वाहन चालक विनय सिंह निवासी मेरठ नशे की हालत में मिला। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक हैं और टोल-टैक्स व पार्किंग से बचने के लिए उसने वर्दी व पी-कैप रखी थी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। अभियान में ब्लैक फिल्म, नो-पार्किंग और खतरनाक ड्राइविंग के कुल 98 चालान हुए, जिनमें 1 कार व 3 दोपहिया वाहन सीज किए गए और 18,000 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
सत्यापन अभियान में 600 से अधिक लोगों की जांच, 4.10 लाख का जुर्माना
बसंत विहार, विकासनगर और सेलाकुई में चलाए गए सत्यापन अभियान में पुलिस की टीमों ने 600 से अधिक बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेज जांचे। किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले 41 मकान मालिकों पर 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर 4,10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 15 लोगों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 3,750 रुपये वसूले गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बाहरी लोगों, फेरी वालों और संदिग्धों का सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।
सेलाकुई में हुड़दंगियों की कार सीज, दो गिरफ्तार
थाना सेलाकुई पुलिस ने डीबीएस कॉलेज के पास बिना नंबर की स्विफ्ट कार में बैठकर राहगीरों से अभद्रता और लड़ाई-झगड़ा कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। शिवम निवासी डीबीएस कॉलेज रोड और तंजीम निवासी बड़ा रामपुर, सहसपुर को समझाने पर भी वे मारपीट पर उतारू हो गए। दोनों के पास वाहन के दस्तावेज न मिलने पर कार सीज कर धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया।
देहरादून पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और मकान मालिकों से किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन में व्यवस्था सुचारु रहे।

Recent Comments