
देहरादून। करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या की घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है, जो इस सनसनीखेज हत्या में मुख्य शूटर राजन उर्फ जैकी की सहयोगी और प्रेमिका बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर अपने ममेरे भाई अजय भटेजा की हत्या की सूचना दी थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर निवासी शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में हत्या की साजिश और अपनी प्रेमिका की भूमिका का खुलासा किया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने ही भाई की हत्या की सुपारी दी थी। इसके बदले में उसने जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। योजना के तहत 25 मई 2025 को आरोपी देहरादून पहुंचे और रात में अजय के घर रुके। पहले उसे शराब पिलाकर संपत्ति के कागजात हासिल करने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने पर राजन ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए आरोपियों ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर साक्ष्य मिटाने के लिए कमरे की सफाई कर दी और शव को बिस्तर पर चादर से ढक दिया। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से सीसीटीवी डीवीआर और कुछ दस्तावेज लेकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार प्रयास करते हुए 23 मई 2026 को अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुख्य साजिशकर्ता अमित भटेजा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष पीडी भट्ट समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Recent Comments