एसआईआर जागरूकता अभियान से उत्तरकाशी में बढ़ रही लोकतांत्रिक भागीदारी

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं स्वीप उत्तरकाशी के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है तथा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने एवं पते में संशोधन से संबंधित जानकारी दी जा रही है। साथ ही लोगों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

स्वीप टीम द्वारा स्थानीय भाषा एवं सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग करते हुए जनजागरूकता गीत, पोस्टर, चौपाल कार्यक्रम एवं संवाद गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक भी लोकतंत्र का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें तथा अपने क्षेत्र के बी.एल.ओ. को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

स्वीप उत्तरकाशी के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ना तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। अभियान के दौरान विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।

“कोई भी मतदाता ना छूटे” के संकल्प के साथ जनपद उत्तरकाशी में एसआईआर जागरूकता अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है तथा नागरिकों में लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति सकारात्मक सहभागिता देखने को मिल रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments