
देहरादून। कल देर रात्रि सिटी कंट्रोल रूम 112 को डिफेंस कॉलोनी से फायरिंग तथा दो पक्षों में झगड़े की सूचना मिलने पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर तत्काल पहुंची, जहाँ दो व्यक्ति किसी बात को लेकर आपस में झगड़ते हुए मिले। पूछताछ व आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई और यह बात उजागर हुई कि उक्त फायरिंग की सूचना दोनों अभियुक्तों ने कंट्रोल रूम को दी थी। पुलिस द्वारा समझाने पर दोनों और अधिक उग्र हो गए तथा एक-दूसरे को नुकसान पहुँचाने पर उतारू हो गए, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गिरीश सिंह डियोडी (उम्र 42 वर्ष, निवासी डियोडी खोला मालता बागेश्वर; वर्तमान निवासी पावर हाउस केदारपुरम, नेहरू कॉलोनी) तथा हिमांशु भट्ट (उम्र 31 वर्ष, निवासी पावर हाउस एमडीडीए केदारपुरम, नेहरू कॉलोनी) शामिल हैं; दोनों के विरुद्ध कंट्रोल रूम को झूठी सूचना देने एवं शांति भंग करने के प्रयास के संबंध में धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है और मामला आगे की जांच हेतु दर्ज कर लिया गया है।

घटना स्थल पर त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उनि ओम प्रकाश, का सुरेंद्र सिंह और का रविन्द्र राम शामिल थे। स्थानीय पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना देना गंभीर अपराध है और ऐसे कृत्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, साथ ही जनता से अनुरोध किया गया है कि आपात स्थिति में केवल आधिकारिक नंबर 112 का ही उपयोग करें।

Recent Comments