
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल के मूल निवास-भू कानून प्रकोष्ठ द्वारा केंद्रीय कार्यालय, देहरादून में नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण तथा CBSE बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने देश की परीक्षा प्रणाली में बढ़ती अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है तथा मेहनती एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल कमजोर हुआ है।
प्रकोष्ठ अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने कहा कि प्रतियोगी एवं बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना केंद्र सरकार तथा संबंधित संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण एवं परीक्षा प्रबंधन में हुई गंभीर चूकों की नैतिक जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उत्तराखंड क्रांति दल पूरे प्रदेश में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करेगा ।
केंद्रीय महामंत्री देवचंद उत्तराखंडी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की शिकार होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नीट परीक्षा में पेपर लीक और CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, उससे स्पष्ट है कि शिक्षा मंत्रालय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रहा है।

प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष राकेश नेगी ने कहा कि CBSE द्वारा परीक्षा मूल्यांकन का कार्य एक ऐसी विवादित कंपनी को सौंपे जाने के आरोप सामने आए हैं, जिसका पूर्व रिकॉर्ड भी सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, पेपर लीक मामलों के दोषियों को कठोर दंड दिया जाए तथा छात्रों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर संगठन मंत्री प्रकाश भट्ट, प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष शुभम नेगी, प्रकोष्ठ मीडिया प्रभारी दिनेश पंत, महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय उपाध्यक्ष संगीता सकलानी बहुगुणा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष पौड़ी दीप्ति दूधपुरी, केंद्रीय प्रवक्ता प्रमोद काला, कल्पना सेमवाल, संगठन मंत्री महानगर मनोज भट्ट, शोभा रावत, कामना बिजल्वाण, लीला देवी, अमित भट्ट सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान उपस्थित जनों ने एक स्वर में कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती तथा छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

Recent Comments