दिल्ली अग्निकांड: केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सीएम धामी ने रेखा गुप्ता से की बात, बेटी को दिलाया हर मदद का भरोसा

देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर होटल में लगी भीषण आग और उसके बाद शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी के मामले ने अब राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरे प्रकरण में सक्रिय रुख अपनाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर वार्ता की।

सीएम धामी ने बताया कि उनकी यह बातचीत काफी सकारात्मक रही। उन्होंने दिल्ली सीएम से इस मामले की पूरी तरह से पारदर्शी जांच की मांग की। इस पर रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ गलत नहीं होगा और जांच पूरी तरह तथ्यों व सबूतों के आधार पर की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी ने गिरफ्तार शेफ केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी बातचीत की और परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ हर संभव मदद को तैयार है। धामी ने स्पष्ट कहा, “हमारी सरकार देश के किसी भी कोने में रह रहे उत्तराखंडी भाई-बहनों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उनकी सहायता करना हमारी जिम्मेदारी है।”

सीएम ने यह भी उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस इस अग्निकांड मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और इसमें किसी भी मासूम को फंसने नहीं दिया जाएगा।

बता दें कि इससे पहले हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बूलनी भी दिल्ली पुलिस अधिकारियों से मिलकर पारदर्शी जांच की मांग कर चुके हैं।

गौरतलब है कि 3 जून को सुबह करीब आठ बजे मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लगने से बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में अधिकतर विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, वहीं दर्जनों घायल हुए। बचाव के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी झुलसे थे। इस घटना में होटल संचालक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस बीच, घटना की जांच के दौरान अधिकारियों ने कहा कि होटल को केवल छह कमरे संचालित करने की अनुमति थी; हालांकि, यह 20 से अधिक कमरों में चल रहा था।

इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने बताया कि होटल कथित तौर पर दिल्ली अग्निशमन सेवा से अनिवार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किए बिना सात से आठ वर्षों से चल रहा था।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments