
देहरादून । उत्तराखंड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी. आर. सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को औपचारिक रूप से गणना फॉर्म सौंपा।
इस मौके पर डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनके नाम, पते और अन्य विवरणों की सटीकता को सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आगे जानकारी दी कि अब आने वाले एक माह के भीतर, यानी 7 जुलाई 2026 तक, सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) इन गणना फॉर्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटलाइज कर देंगे। इससे न सिर्फ मतदाता सूची का अपडेशन तेजी से होगा, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि हर पात्र मतदाता अपना फॉर्म जमा कर सके और त्रुटियों को सुधारा जा सके।

Recent Comments