
देहरादून । राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र में ठेली लगाने को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून को निरंजनपुर मंडी निवासी मुकेश दास ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जून को साप्ताहिक बाजार में ठेली लगाने को लेकर यासीन खान से उसका विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते यासीन खान ने अपने साथियों तौफिक, आदिल, आसिफ और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर नालापानी चौक के पास उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

इसी क्रम में पुलिस को मिली सूचना के आधार पर नामजद आरोपी यासीन खान (31) निवासी न्यू पटेलनगर, देहरादून को आजाद कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र बिष्ट और कांस्टेबल मुकेश कंडारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Recent Comments