विधायक उमेश कुमार से विंटेज कार बेचने के झांसे में 4.50 लाख रुपये ठगे

देहरादून(आरएनएस)।  खानपुर विधायक उमेश कुमार को पुरानी विंटेज (मोरिस) कार बेचने का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी कर ली गई। विधायक के देहरादून स्थित कार्यालय के प्रबंधक की तहरीर पर रविवार को राजपुर थाना पुलिस ने रांची, झारखंड के डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विधायक उमेश कुमार के आईटी पार्क स्थित कार्यालय के प्रबंधक असद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अगस्त 2025 में विधायक के व्हाट्सएप नंबर पर एक पुरानी मोरिस कार बेचने का मैसेज आया था। यह मैसेज रांची के ख्वाजा मोटर्स के संचालक ख्वाजा हुसैन ने भेजा था। आरोपी ने व्हाट्सएप पर ही कार की फोटो और वीडियो दिखाई। बातचीत के बाद कार का सौदा 4.50 लाख रुपये में तय हुआ और डिलीवरी देहरादून में देनी तय की गई।

विश्वास में आकर विधायक ने आरोपी ख्वाजा हुसैन के फेडरल बैंक खाते में कई किश्तों में पूरी रकम का भुगतान कर दिया गया। 11 व 22 अगस्त 2025 को 50-50 हजार, 27 अक्टूबर को दो लाख और 7 नवंबर को 1.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। प्रबंधक के अनुसार पूरी रकम चुकाने के बाद जब ख्वाजा हुसैन से कार को देहरादून भेजने के लिए कहा गया तो उसकी नीयत बदल गई। उसने कार भेजने से साफ इनकार कर दिया। आरोपी ने फोन पर कहा कि उसने कार बेचने का सिर्फ बहाना किया था और धोखा देकर यह रकम ऐंठी है। इसके बाद आरोपी ने पैसे वापस करने से मना कर दिया और फोन उठाना भी बंद कर दिया।

एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ख्वाजा हुसैन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन की डिटेल और व्हाट्सएप चैट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पुलिस की एक टीम रांची भेजी जा सकती है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments