नीट और यूजीसी-नेट पेपर लीक के खिलाफ SFI का विरोध मार्च, फूटा छात्रों का गुस्सा

देहरादून ।  स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने गांधी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने नीट, सीयूईटी और यूजीसी-नेट जैसी बड़ी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं, पेपर लीक और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की विफलताओं के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के बाद एसएफआई के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल और बिना शर्त इस्तीफे की मांग की गई है।

सभा को संबोधित करते हुए एसएफआई के अखिल भारतीय अध्यक्ष आदर्श एम. साजी और राज्य अध्यक्ष नितिन मलेठा ने कहा कि केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय की गलत नीतियों के कारण आज देश की परीक्षा प्रणाली गहरे संकट में है। लाखों होनहार छात्रों का भविष्य लगातार दांव पर लगाया जा रहा है। परीक्षा घोटालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तुरंत पद छोड़ना चाहिए। अखिल भारतीय सहसचिव आइसी घोष ने केंद्र सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो एसएफआई देशभर के छात्रों और युवाओं को लामबंद कर दिल्ली में एक बड़ा आंदोलन करेगी।

इस मौके पर जिला सचिव अयाज़ खान, राज्य कमेटी सदस्य मुकुल, कनिका, ज्योत्स्ना, जयंत, यशवर्धन, गढ़वाल विश्वविद्यालय इकाई की अध्यक्ष निर्दोशा, गुरमीत, वरुण, पवन, अब्दुल, अरमान, योगिता, विजय रमोला और सीमा मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments