
मसूरी। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होम-स्टे में ठहरी दिल्ली की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और बिसरा सुरक्षित कर जांच कराई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि टिपरीधार स्थित कियाना होम-स्टे के एक कमरे में महिला अचेत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस को भी बुलाया गया। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय पी. राधा गायत्री, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है, जो अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ यहां ठहरी हुई थीं। जानकारी के अनुसार, दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी के इस होम-स्टे में रुके थे।
पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और तड़के करीब साढ़े तीन बजे सो गए थे। सुबह उठने पर पत्नी अचेत अवस्था में मिली। पुलिस के अनुसार, महिला की नाक से रक्तस्राव हुआ था और मौके पर अन्य संदिग्ध परिस्थितियां भी पाई गईं।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था और दोनों निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Recent Comments