
देहरादून। नीट परीक्षा पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया थापा के परिजनों से मिलने आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना पहुँचे। उन्होंने चंद्रबनी स्थित रिया के निवास पर जाकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
रिया थापा ने इस वर्ष नीट परीक्षा दी थी। पेपर लीक और फिर रद्द होने की खबर से क्षुब्ध होकर उसने यह घातक कदम उठाया। रिया के पिता राजेश मल्ल, जो भारतीय सेना के पूर्व सैनिक हैं, ने धस्माना को बताया कि रिया इससे पहले भी नीट दे चुकी थी और उसे 400 अंक आए थे, लेकिन एमबीबीएस सीट नहीं मिल पाई। इस बार उसने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा दी और पेपर अच्छा होने की बात कही थी, लेकिन लीक व कैंसिल होने की खबर ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया।
धस्माना ने मीडिया से बातचीत में कहा, “रिया अकेली नहीं, ऐसे कई बच्चे हैं जिन्होंने यह रास्ता चुना। इसके लिए पूरी परीक्षा प्रणाली और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पूरी तरह जिम्मेदार हैं। शर्मनाक है कि पेपर लीक और रद्द होने के बावजूद मंत्री का रवैया गैरजिम्मेदाराना है।”
उन्होंने माँग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तत्काल धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करें।
इस दौरान धस्माना ने रिया की माँ, छोटी बहन और इकलौते भाई से भी मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया।

Recent Comments