
विकासनगर । ऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर पुलिस ने मंगलवार रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 56 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही दस वाहनों को सीज कर दिया। हुडदंग मचाने वाले 11 युवकों पर भी कार्रवाई की गई।कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। बताया कि मंगलवार देर रात अलग-अलग स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान रेस ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। कुल 56 वाहनों के खिलाफ चालान किए गए, जिनमें 10 वाहनों को सीज किया गया, 33 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए, जबकि 13 का मौके पर चालान किए गए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले 11 युवकों के खिलाफ भी धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कोतवाल ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments