पौड़ी में 4 से 19 जुलाई तक ‘सेवा पखवाड़ा’, सीएम धामी के निर्देश पर हर ब्लॉक में लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम के साथ 4 जुलाई से 19 जुलाई तक व्यापक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। डीएम स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जनपद के सभी 15 विकासखंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, लाभ वितरण और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 4 जुलाई को प्रेक्षागृह, पौड़ी से होगा। इसके बाद विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम ब्लॉक सभागारों में चलेंगे। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार हैं: 5 जुलाई को पौड़ी, 6 को कोट, 7 को यमकेश्वर, 8 को दुगड्डा, 9 को थलीसैंण, 10 को जयहरीखाल, 11 को खिर्सू, 12 को कल्जीखाल, 13 को पाबौ, 14 को बीरोंखाल, 15 को रिखणीखाल, 16 को नैनीडांडा, 17 को एकेश्वर, 18 को पोखड़ा और 19 जुलाई को द्वारीखाल।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना और शिकायतों का मौके पर समाधान करना है। सभी विभाग जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाएंगे। यहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभान्वित किया जाएगा।

शिविरों में रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां होंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण, आधार व ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, विशेष लोक अदालत और महिला-बाल विकास संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, ताकि सेवा पखवाड़ा सुशासन और जनकल्याण का प्रभावी अभियान बन सके। अधिकारी मौके पर ही आमजन की शिकायतों का समाधान करेंगे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments